
जन एक्सप्रेस/इटारसी: इटारसी में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज और महिला एवं बाल विकास विभाग नर्मदापुरम के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक पुंसवन एवं गर्भोत्सव संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। न्यास कॉलोनी स्थित साईं की बगिया में आयोजित इस कार्यक्रम में 400 से अधिक गर्भवती महिलाओं ने वैदिक विधि से संस्कार ग्रहण किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया उपस्थित रहीं। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, संभागीय अधिकारी तृप्ति त्रिपाठी, सिविल अस्पताल अधीक्षक कमलेश कुमरे तथा समाजसेवी मनीष ठाकुर भी मौजूद रहे।
भोपाल से आई मधु श्रीवास्तव, लेखा चौहान और दीप्ति राव भारद्वाज की टोली ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संस्कार संपन्न कराया। कार्यक्रम के दौरान एक स्वर में संकल्प गूंजा — “हे भगवान हमारे देश को दे ऐसी संतान, श्रवण सरिके बेटे जन्मे घर-घर हिंदुस्तान।”
मुख्य अतिथि माया नारोलिया ने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा गायत्री मंत्र के माध्यम से युग निर्माण का जो सपना देखा गया था, यह आयोजन उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। टोली नायक मधु श्रीवास्तव ने कहा कि 16 संस्कारों में पुंसवन संस्कार का विशेष महत्व है, क्योंकि गर्भ में ही बच्चे को अच्छे विचार, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम ‘आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी’ अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य ऐसी संतानों का निर्माण करना है जो चरित्रवान, संवेदनशील और देशभक्त बनकर समाज और राष्ट्र का निर्माण करें।
कार्यक्रम का संचालन गोपाल मालवीय ने किया, जबकि स्वागत शरद वर्मा और आभार लखन वर्मा ने व्यक्त किया।






